सरकारी जमीन से अवैध मजार पर चला प्रशासन का बुलडोजर, भारी पुलिस बल तैनात
रिपोर्टर – रजनीश सैनी।
(जनहित इंडिया)
लक्सर। नेहन्दपुर गांव में सरकारी भूमि पर बनाए गए एक अवैध मजार को सोमवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई लक्सर के उपजिलाधिकारी सौरव असवाल के निर्देश पर की गई। उपजिलाधिकारी ने बताया कि मजार संचालक को पहले दो बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया। जिसके बाद राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

एसडीएम सौरव असवाल ने बताया कि लक्सर क्षेत्र में इस तरह के अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है। राजस्व टीम को निर्देशित किया गया है कि सरकारी जमीनों पर हो रहे सभी अतिक्रमणों की पड़ताल कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। ऐसे किसी भी मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर एसपी देहात समेत भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही और ग्रामीणों की ओर से कोई विशेष विरोध नहीं हुआ। पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई थी ताकि कोई भी व्यक्ति मजार के आसपास न पहुंच सके।
प्रशासनिक कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे सरकारी जमीन बचाने की दिशा में सख्त कदम के रूप में देख रहे हैं।
