सरकार संभालिए अपने सड़के-01: कहीं जानलेवा साबित न हो जाए ऋषिकुल पुल की टूटी रैलिंग्स।

रिपोर्ट अरुण कश्यप जनहित इंडिया

सरकार संभालिए अपने सड़के-01: कहीं जानलेवा साबित न हो जाए ऋषिकुल पुल की टूटी रैलिंग्स।

 

हरिद्वार। शहर के सबसे व्यस्ततम मार्गों में शामिल ऋषिकुल पुल इन दिनों गंभीर सुरक्षा संकट का कारण बना हुआ है। पुल पर कई स्थानों पर रैलिंग्स टूट चुकी हैं, जो किसी भी समय बड़े हादसे का सबब बन सकती हैं। हैरानी की बात यह है कि यह स्थिति एक-दो जगह नहीं, बल्कि पुल के कई हिस्सों में बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग के अधिकारी मानो आंखें मूंदे बैठे हैं।

स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना है कि ऋषिकुल पुल से रोजाना बड़ी संख्या में बसे, दोपहिया, चौपहिया वाहन, स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और पैदल यात्री गुजरते हैं। ऐसे में टूटी हुई रैलिंग्स कभी भी किसी वाहन के अनियंत्रित होने या पैदल राहगीर के फिसलने की स्थिति में जानलेवा साबित हो सकती हैं। पुल की यह लापरवाही सीधे तौर पर बड़े हादसे को न्यौता दे रही है।सबसे चिंताजनक बात यह है कि लंबे समय से यह समस्या बनी होने के बावजूद मरम्मत या सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर कोई ठोस कदम नजर नहीं आ रहा। यदि समय रहते रैलिंग्स की मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में कोई अप्रिय घटना प्रशासन और संबंधित विभाग की लापरवाही पर बड़ा सवाल खड़ा कर सकती है।शहरवासियों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि ऋषिकुल पुल की टूटी रैलिंग्स को तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि किसी भी संभावित हादसे को समय रहते रोका जा सके।

 

 

 

ये पुल उत्तराखंड सिंचाई विभाग का नहीं है इसमें उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग काम करेगा।

 

ओमजी गुप्ता

 

अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड हरिद्वार

आपके द्वारा मामला संज्ञान में लाया गया है जल्दी ही इस पुल की रेलिंग की मरम्मत करवाई जाएगी ।

विकास त्यागी

अधिशासी अभियंता उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग, हरिद्वार